शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो' रिलीज से पहले ही कानूनी मुश्किलों में फंसी, गैंगस्टर की बेटी ने दायर की याचिका

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ओ रोमियो' 13 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। हालांकि, रिलीज से पहले ही यह फिल्म कानूनी पचड़े में फंस गई है। गैंगस्टर रहे हुसैन शेख उर्फ उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने सोमवार को मुंबई की सिविल कोर्ट में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए एक याचिका दायर की है। इस मामले की अगली सुनवाई 6 फरवरी को होगी।

फिल्म पर क्या है आरोप?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, सनोबर शेख ने अपनी याचिका में दावा किया है कि 'ओ रोमियो' उनके दिवंगत पिता की अनधिकृत जीवनी (Unauthorized Biography) है और इसमें उन्हें गलत तरीके से चित्रित किया गया है। उन्होंने अदालत से फिल्म की प्री-स्क्रीनिंग कराने और किसी अधिकारी या कमिश्नर को नियुक्त करने का अनुरोध किया है, जो फिल्म देखकर अपनी रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर सके।

यह याचिका वकील डीवी सरोज के माध्यम से फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला, निर्देशक विशाल भारद्वाज और उस किताब के लेखक के खिलाफ दायर की गई है, जिस पर फिल्म आधारित है।

पिता को गलत तरीके से पेश करने का दावा

याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि फिल्म का ट्रेलर मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत करता है, जिसमें उस्तरा को पुलिस का सहयोगी बताया गया था। ट्रेलर से यह धारणा बनती है कि वह एक गैंगस्टर थे। सनोबर का कहना है कि यह चित्रण झूठा है और इससे उनके परिवार की प्रतिष्ठा और सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है।

सनोबर ने बताया कि उनके पिता मुंबई में पत्रकार के तौर पर काम करते थे और अपराध रोकने में मदद के लिए मुंबई पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो जैसी सरकारी एजेंसियों के साथ सहयोग करते थे। इस सहयोग के कारण उनकी जिंदगी हमेशा खतरे में रही। याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि उस्तरा ने 4 अगस्त 1994 को पुलिस कमिश्नर से बुलेटप्रूफ जैकेट की मांग की थी, जिसे मंजूरी भी मिल गई थी।

बता दें कि 'ओ रोमियो' में शाहिद कपूर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और वह उस्तरा के किरदार में नजर आएंगे।

Comments