अभिनेता सुनील थापा का निधन: प्रियंका चोपड़ा को याद आए 'मैरी कॉम' के कोच

फिल्म 'मैरी कॉम' और वेब सीरीज 'द फैमिली मैन-3' में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता सुनील थापा का 6 फरवरी को 68 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके इस अचानक चले जाने की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया, खासकर 'मैरी कॉम' की मुख्य अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास को।

प्रियंका चोपड़ा हुईं भावुक, सुनील थापा को कहा 'मेरे कोच सर'

सुनील थापा के निधन की खबर सुनकर प्रियंका चोपड़ा बहुत भावुक हो गईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मार्मिक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि जब उनके पिता का निधन हुआ था, तब सुनील थापा ने उन्हें संभाला था। प्रियंका ने 'मैरी कॉम' फिल्म के कुछ दृश्यों का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "आप हमेशा मेरे कोच सर रहेंगे। जब मैंने अपने पिता को खो दिया था, तब आपने मुझे संभाला। आपने मुझे प्यार दिया और कई कठिन दिनों में मेरा साथ दिया, बिना यह जाने कि आप मेरे लिए कितने मायने रखते थे। आपकी गर्मजोशी भरी झप्पी और आपकी हंसी हमेशा मेरी यादों का हिस्सा रहेंगी।"

उन्होंने आगे लिखा, "बहुत कम उम्र में चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जाएंगे। उस समय आपकी दयालुता के लिए धन्यवाद, जब मैं पूरी तरह टूट चुकी थी। शांति से विश्राम करें, सुनील थापा। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।"

निधन का कारण कार्डियक अरेस्ट

एक्टर सुनील थापा के निधन का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, नॉर्विक अस्पताल के चेयरपर्सन राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सुनील थापा को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। शुक्रवार सुबह 7:44 बजे किए गए ईसीजी में उनकी मौत की पुष्टि हुई।

सुनील थापा का करियर

सुनील थापा एक जाने-माने नेपाली अभिनेता थे, जिन्होंने 300 से ज्यादा नेपाली फिल्मों के साथ-साथ कई बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया। फिल्म 'मैरी कॉम' में उन्होंने मैरी कॉम के कोच की भूमिका निभाई थी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा वह 'एक दूजे के लिए' (1981), 'खामियाजा' (2019) जैसी कई अन्य फिल्मों का भी हिस्सा रहे।

Comments