उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित खूबसूरत खलिया टॉप पर घूमने गईं जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया अपने कुछ साथियों के साथ रास्ता भटक गईं। अंधेरा होने और मोबाइल नेटवर्क बाधित होने के कारण स्थिति काफी गंभीर हो गई थी। यह दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण अंधेरा होने पर रास्ता खोजना और भी मुश्किल हो जाता है।
खतरनाक हुआ अंधेरा
पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव ने बताया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया अपनी बहन और अन्य दोस्तों के साथ मुनस्यारी घूमने आई थीं। इसी दौरान वे खलिया टॉप की ओर गईं। पहाड़ी इलाका होने के कारण रास्ते पहचानना मुश्किल हो गया और जैसे-जैसे अंधेरा बढ़ता गया, खतरा भी बढ़ता गया। मोबाइल नेटवर्क न मिलने की वजह से मदद के लिए संपर्क करना भी एक बड़ी चुनौती बन गया था।
पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
सूचना मिलते ही, मुनस्यारी पुलिस हरकत में आई और थानाध्यक्ष अनिल आर्या के नेतृत्व में कॉन्स्टेबल वीरेंद्र सिंह, बलवंत सिंह और प्रेम बंग्याल की टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू कर दी। दुर्गम और जोखिम भरे रास्तों पर, रात के अंधेरे, ठंड और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद, पुलिस टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद हर्षा और उनके सभी साथियों को सुरक्षित ढूंढ निकाला और उन्हें एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस की तत्परता की सराहना
एसपी रेखा यादव ने इस मौके पर पिथौरागढ़ पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस जनसेवा, सुरक्षा और सहायता के अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विषम परिस्थितियों में भी आमजन के साथ हर समय तत्परता से खड़ी रहती है। रेस्क्यू के बाद, हर्षा रिछारिया ने पुलिस टीम का उनके बचाव कार्य के लिए तहे दिल से धन्यवाद किया।
पहाड़ों पर घूमने वालों के लिए खास सलाह
इस घटना के बाद, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ों पर घूमने जाने से पहले मौसम और रास्तों की पूरी जानकारी अवश्य रखें। अंधेरा होने से पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचना सुनिश्चित करें ताकि ऐसी किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Comments
Post a Comment