‘द कपिल शर्मा शो’ (The Kapil Sharma Show) हाल ही में म्यूजिक राइट्स (Music Rights) की कंट्रोवर्सी को लेकर काफी सुर्खियों में रहा। इस मामले पर लंबे समय से चुप्पी साधे हुए कपिल शर्मा (Kapil Sharma) ने अब आखिरकार अपनी बात रखी है। नेटफ्लिक्स के इवेंट ‘व्हॉट नेक्स्ट’ (What Next) में, जहां ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के पांचवें सीजन की घोषणा की गई, कपिल ने एक मजेदार खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लाखों रुपये के म्यूजिक राइट्स के बिल से बचने के लिए अब वो अपने गाने खुद बनाएंगे और इस काम के लिए उन्होंने सुनील ग्रोवर (Sunil Grover) को साइन किया है!
सुनील ग्रोवर बनेंगे शो के नए सिंगर?
नेटफ्लिक्स के इवेंट में कपिल शर्मा ने कहा, “म्यूजिक राइट्स का पंगा बहुत था। किसी का गाना यूज कर लो लाखों का बिल आ जाता था। अब हम अपना ही बनाएंगे। हमारा जहां दिल करेगा हम गाएंगे।” उन्होंने आगे मज़ाक में कहा कि अरिजीत सिंह (Arijit Singh) के प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के बाद उन्होंने सुनील ग्रोवर को सिंगर के तौर पर लॉन्च करने का फैसला किया है। इस पर सुनील ग्रोवर ने भी मजे लेते हुए कहा, “मुझे लगता है कि इसी वजह से अरिजीत सिंह ने रिटायरमेंट ले लिया। ये सुनने के बाद।”
म्यूजिक राइट्स कंट्रोवर्सी क्या है?
दरअसल, PPL (Phonographic Performance Limited) ने 12 दिसंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में ‘द कपिल शर्मा शो’ के खिलाफ एक कमर्शियल याचिका दायर की थी। इस याचिका में शो के तीसरे सीजन में जून से सितंबर के बीच इस्तेमाल किए गए 3 लाइसेंसी गानों के कॉपीराइट नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया था। इसी मामले पर अब कपिल शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने शो में खुद गाने बनाने और गाने की बात कही है।
कनाडा फायरिंग पर भी की बात
म्यूजिक राइट्स कंट्रोवर्सी के अलावा, कपिल शर्मा ने कनाडा के एक कैफे में हुई फायरिंग की घटना पर भी बात की, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “आज कल मेरे पीछे एक-दो मुल्कों के गैंगस्टर पीछे लगे हुए हैं।” हालांकि, तुरंत ही उन्हें अहसास हुआ कि इवेंट लाइव है और उन्होंने अपनी टीम से कहा कि इस बयान को एडिट कर दिया जाए।
'द कपिल शर्मा शो' के नए सीजन के साथ-साथ कपिल शर्मा के इन बयानों ने भी फैंस के बीच काफी उत्सुकता बढ़ा दी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सुनील ग्रोवर सच में शो में गाने गाते नजर आएंगे और म्यूजिक राइट्स का यह मामला किस ओर करवट लेता है।
Comments
Post a Comment