सुपरस्टार रजनीकांत अक्सर अपने नेक कामों के लिए सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार वे एक डायरेक्टर के निशाने पर आ गए हैं। डायरेक्टर लेनिन भारती ने रजनीकांत की एक हालिया हरकत पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'नकली समाजसेवी' करार दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, रजनीकांत ने हाल ही में चेन्नई की एक सफाई कर्मचारी पद्मा की ईमानदारी से खुश होकर उसे एक सोने की चेन गिफ्ट की थी। पद्मा को एक लावारिस पर्स मिला था जिसमें 45 सोवरन (करीब 360 ग्राम) सोने के गहने थे। पद्मा ने बिना देर किए अपने अधिकारियों को इसकी सूचना दी और बाद में सोना पुलिस को सौंप दिया, ताकि वह सही मालिक तक पहुंच सके। रजनीकांत ने पद्मा की इस ईमानदारी से प्रभावित होकर उन्हें अपने घर बुलाया और सोने की चेन देकर सम्मानित किया।
डायरेक्टर लेनिन भारती की प्रतिक्रिया
जहां एक ओर कई लोगों ने रजनीकांत की इस पहल की तारीफ की, वहीं डायरेक्टर लेनिन भारती ने इस पर अलग तरीके से रिएक्ट किया। उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर रजनीकांत की टीम द्वारा शेयर की गई एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें रजनीकांत सफाई कर्मचारी की वर्दी पहने पद्मा को गले लगाते दिख रहे हैं।
इस तस्वीर के साथ लेनिन ने तमिल में लिखा, "जब सफाई कर्मचारी रिपन बिल्डिंग के बाहर अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे थे, तब आप कहां थे, रजनीकांत सर? ऐसा लगता है कि आपकी तथाकथित दरियादिली उन्हें तभी देख पाती है, जब वे वर्दी में हों। आप नकली समाजसेवी हैं।"
कौन हैं लेनिन भारती?
लेनिन भारती तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर, राइटर और एक्टर हैं। उन्होंने साल 2018 में फिल्म ‘मेरकु थोडर्ची मलाई’ से डायरेक्शन की दुनिया में कदम रखा था, जिसे विजय सेतुपति ने प्रोड्यूस किया था। इससे पहले उन्होंने 2013 की फिल्म ‘आधालल कधल सेवीर’ का स्क्रीनप्ले भी लिखा था।
लेनिन भारती का यह बयान रजनीकांत के फैंस को रास नहीं आ रहा है और सोशल मीडिया पर इस पर जमकर बहस हो रही है।
Comments
Post a Comment