रिया चक्रवर्ती का कमबैक: सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद इंडस्ट्री ने किया किनारा, अब हंसल मेहता की वेब सीरीज से वापसी
एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती, जो सुशांत सिंह राजपूत केस में नाम आने के बाद लंबे समय से लाइमलाइट से दूर थीं, अब बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। रिया जल्द ही डायरेक्टर हंसल मेहता की अपकमिंग वेब सीरीज 'फैमिली बिजनेस' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं।
मुश्किल दौर और एक्टिंग छोड़ने का दर्द
हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में रिया ने अपने जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि सुशांत सिंह राजपूत केस में नाम आने के बाद इंडस्ट्री में उन्हें काम मिलना लगभग बंद हो गया था। रिया ने कहा, “एक्टिंग का वह सपना छोड़ना, जिसके लिए मैंने दस साल से ज्यादा मेहनत की थी, मेरे लिए बिल्कुल आसान नहीं था। इसके लिए मुझे कई बार थेरेपी लेनी पड़ी। मुझे उसके बारे में सोचना बंद करना पड़ा, क्योंकि वह सपना अब पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा था और मुझे एक्टिंग के मौके नहीं मिल रहे थे।”
'फैमिली बिजनेस' से वापसी का सफर
रिया ने खुलासा किया कि जब उन्हें 'फैमिली बिजनेस' का ऑफर मिला, तो उन्होंने पहले तो मना कर दिया था। जब हंसल मेहता और राइटर ने उनसे पूछा कि उन्हें क्या रोक रहा है, तो रिया ने बताया कि उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी है। इस पर उन्होंने कहा, "यही वजह है कि मुझे यह करना चाहिए, क्योंकि इससे फर्क नहीं पड़ता कि मैं अच्छा करूं या नहीं।" रिया ने कहा कि अब वह खुश हैं कि उन्होंने उस ऑफर को स्वीकार किया। सात सालों में जिंदगी बहुत बदल गई है, लेकिन सेट पर लौटना उन्हें साइकिल चलाने जैसा लगा, जिसे कोई इंसान कभी नहीं भूलता।
'कोई भी मेरे साथ काम नहीं करना चाहता था'
रिया ने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने अपनी मर्जी से काम से ब्रेक नहीं लिया था। उन्होंने कहा, “मुझे मजबूरी में रुकना पड़ा और यह दौर तकलीफ और दर्द से भरा था। जो कुछ हुआ, उसके तुरंत बाद शायद मैं इमोशनली, मेंटली या फिजिकली रूप से तैयार भी नहीं थी। वो साल, जब कोई भी मेरे साथ काम नहीं करना चाहता था, बेहद मुश्किल थे।”
Comments
Post a Comment