कृष 4: बजट मतभेद के कारण फिल्म फिलहाल रोकी गई, ऋतिक रोशन कर रहे हैं नए स्टूडियो की तलाश!

बॉलीवुड की सबसे चहेती सुपरहीरो फ्रेंचाइजी 'कृष' के चौथे भाग को लेकर फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लंबे समय से 'कृष 4' की चर्चाएं जोरों पर थीं, लेकिन अब एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने फैंस को थोड़ी निराशा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'कृष 4' का काम फिलहाल रोक दिया गया है।

बजट पर अटके कृष 4 के मेकर्स!

'कृष' (2006) और 'कृष 3' (2013) ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और दर्शकों का दिल जीता था। ऐसे में 'कृष 4' से भी उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। इस बार खबरें थीं कि सुपरस्टार ऋतिक रोशन न केवल फिल्म में लीड रोल निभाएंगे, बल्कि निर्देशन की कमान भी संभालेंगे।

हालांकि, बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म अचानक ठंडे बस्ते में चली गई है। इसकी मुख्य वजह फिल्म के बजट को लेकर हुआ मतभेद बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋतिक रोशन चाहते थे कि 'कृष 4' का बजट करीब ₹500 करोड़ हो, लेकिन यश राज फिल्म्स (YRF) की टीम ₹350 करोड़ के बजट पर अड़ी रही। दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई।

क्या ऋतिक रोशन करेंगे नए स्टूडियो के साथ काम?

इस बजट विवाद के चलते फिल्म को फिलहाल रोक दिया गया है। अब ऐसी खबरें हैं कि ऋतिक रोशन खुद अन्य स्टूडियोज से संपर्क कर रहे हैं। उनका लक्ष्य है कि बजट के अनुरूप स्क्रिप्ट में जरूरी बदलाव करके 'कृष 4' पर फिर से काम शुरू किया जा सके।

सूत्रों का कहना है कि ऋतिक रोशन, आदित्य चोपड़ा के फैसले को सकारात्मक रूप से ले रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही एक नई योजना के साथ आगे बढ़ेंगे। जैसे ही यह बजट का मुद्दा सुलझेगा, 'कृष 4' पर काम दोबारा शुरू हो सकता है। फैंस को उम्मीद है कि बजट फाइनल होते ही शूटिंग और रिलीज की तारीखों का ऐलान जल्द होगा।

फिलहाल, यह बहुप्रतीक्षित सुपरहीरो फिल्म कुछ समय के लिए रुक गई है, लेकिन इंडस्ट्री की नजरें अब ऋतिक रोशन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Comments