राम चरण की 'पेड्डी' का पहला गाना 'चिकिरी चिकिरी' यूट्यूब पर 20 करोड़ के पार, फैंस में जबरदस्त उत्साह

साउथ सुपरस्टार राम चरण (Ram Charan) की अपकमिंग फिल्म 'पेड्डी' (Peddi) रिलीज से पहले ही चर्चाओं में है। फिल्म के पहले गाने ‘चिकिरी चिकिरी’ (Chikiri Chikiri) ने यूट्यूब पर 200 मिलियन यानी 20 करोड़ से ज्यादा व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है। इस गाने की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है और यह अलग-अलग भाषाओं में दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।

'चिकिरी चिकिरी' ने रिलीज के साथ ही मचाया तहलका

7 नवंबर 2025 को रिलीज हुआ 'चिकिरी चिकिरी' गाना रिलीज के पहले दिन ही 46 मिलियन (4.6 करोड़) व्यूज के साथ एक रिकॉर्ड बना चुका था। दो महीने बाद भी इस गाने का जादू बरकरार है। अब तक इसे 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज और 20 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। वहीं, हिंदी वर्जन को यूट्यूब पर 50 मिलियन (5 करोड़) से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यह गाना म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स, यूट्यूब शॉर्ट्स और इंस्टाग्राम रील्स पर भी लगातार ट्रेंड कर रहा है।

'पेड्डी' की स्टारकास्ट और रिलीज डेट

'पेड्डी' फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फैंस में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में जारी किए गए नए पोस्टर से थिएटर रिलीज डेट का ऐलान किया गया है। फिल्म के प्रोड्यूसर टीजर, गानों और पोस्टरों के जरिए फिल्म का क्रेज बनाए हुए हैं।

संगीत और निर्देशन

'चिकिरी चिकिरी' गाने का संगीत ए. आर. रहमान (A. R. Rahman) ने तैयार किया है, इसके बोल बालाजी (Balaji) ने लिखे हैं और इसे मोहित चौहान (Mohit Chauhan) ने अपनी आवाज दी है। फिल्म 'पेड्डी' का निर्देशन बुची बाबू सना (Buchi Babu Sana) ने किया है। फिल्म में राम चरण के अलावा जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor), जगपति बाबू (Jagapathi Babu), शिव राजकुमार (Shiva Rajkumar) और दिव्येंदु शर्मा (Divyendu Sharma) भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Comments