रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म में अब डायरेक्टर आदित्य धर की पत्नी और जानी-मानी एक्ट्रेस यामी गौतम की भी एंट्री हो गई है। यामी गौतम इस फिल्म में एक कैमियो करती नजर आएंगी, लेकिन उनका किरदार फिल्म की कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाएगा।
यामी गौतम का कैमियो और एक्शन
पिंकविला की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'धुरंधर 2' से जुड़े एक सूत्र ने बताया है कि यामी गौतम फिल्म में एक सरप्राइज एलिमेंट के तौर पर नजर आएंगी। उन्होंने अपने हिस्से की 5 दिनों की शूटिंग भी पूरी कर ली है और दर्शक उन्हें जबरदस्त एक्शन करते हुए देखेंगे। यामी का किरदार कहानी में एक अप्रत्याशित मोड़ लाएगा, जो दर्शकों को हैरान कर देगा। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक यामी के फिल्म में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
'हक से' में दमदार किरदार
'धुरंधर 2' से पहले यामी गौतम फिल्म 'हक से' में अपने दमदार किरदार के लिए चर्चा में थीं। यह फिल्म 2025 में रिलीज हुई थी, जिसमें इमरान हाशमी के साथ यामी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में यामी ने शाहबानों का किरदार निभाया था, जो मुस्लिम महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ती हैं। इस किरदार के लिए यामी को काफी सराहना मिली थी।
पेड पीआर पर यामी का रुख
'धुरंधर' के पहले पार्ट की रिलीज से पहले, यामी गौतम ने फिल्मों के प्रमोशन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पेड पीआर और नेगेटिव पीआर के चलन पर अपनी चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए पैसे देकर तारीफ करवाना और इसके विपरीत, अगर पैसे न दिए जाएं तो फिल्म रिलीज से पहले ही नकारात्मक समीक्षाएं लिखना, यह एक तरह की जबरदस्ती वसूली जैसा है। यामी के अनुसार, यह चलन फिल्म इंडस्ट्री के भविष्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
Comments
Post a Comment