कर्नाटक DGP सस्पेंड: अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई, DGP बोले- वीडियो मॉर्फ्ड

कर्नाटक के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) (सिविल राइट्स एनफोर्समेंट) को सोमवार (19 जनवरी) को एक अश्लील वीडियो सामने आने के बाद निलंबित कर दिया गया है। वायरल वीडियो में DGP के. रामचंद्र राव कई महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हालत में दिख रहे थे। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा था कि यदि अधिकारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

DGP ने वीडियो को बताया मॉर्फ्ड

वीडियो वायरल होने के बाद DGP के. रामचंद्र राव गृह मंत्री जी परमेश्वर से मिलने पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। गृह मंत्री के निवास से निकलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए DGP ने दावा किया कि वीडियो झूठा और मॉर्फ्ड है। उन्होंने कहा कि वे इस बारे में अपने वकील से सलाह लेंगे और आगे की कार्रवाई पर विचार करेंगे।

DGP बोले - मैं भी हैरान हूँ

पत्रकारों से बातचीत के दौरान DGP रामचंद्र राव ने कहा, "मैं भी सोच रहा हूँ कि यह कैसे और कब हुआ और किसने किया। इस जमाने में कुछ भी हो सकता है। मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।" जब उनसे पूछा गया कि क्या यह पुराना वीडियो है, तो उन्होंने जवाब दिया, "पुराना मतलब, आठ साल पहले जब मैं बेलगावी में था।" उन्होंने यह भी कहा कि वे गृह मंत्री को समझाने की कोशिश करेंगे कि गलत जानकारी फैलाई जा रही है।

मंत्री का बयान

कर्नाटक की मंत्री लक्ष्मी हेब्बलकर ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर किसी ने कुछ गलत किया है तो सरकार निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी।

बीजेपी की प्रतिक्रिया

वहीं, वरिष्ठ बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री एस सुरेश कुमार ने इस घटना को "माफ न करने लायक शर्मनाक काम" बताया है। उन्होंने कहा कि राव के इस कृत्य से पूरे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है।

Comments