आमिर खान ने मुंबई मैराथन में लिया हिस्सा, प्रदूषण पर जताई चिंता: 'हां, अब क्या करें?'

बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान रविवार को मुंबई मैराथन 2024 में अपनी पूरी फैमिली के साथ नजर आए। इस दौरान उनके साथ उनकी पूर्व पत्नी किरण राव और बच्चे जुनैद, इरा और आजाद भी मौजूद थे। मैराथन पूरी करने के बाद जब मीडिया ने आमिर से मुंबई के बढ़ते प्रदूषण और बिगड़ती हवा की क्वालिटी के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने बेबाकी से कहा, "हां, अब क्या करें?"

जब आमिर को याद दिलाया गया कि मुंबई के लोग ऐसी स्थिति के आदी नहीं हैं, तो उन्होंने सहमति जताते हुए कहा, "मुझे पता है।" इस पर किरण राव ने कहा कि इस मुद्दे पर सभी को मिलकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें प्रदूषण के कारणों को समझना चाहिए और एक नागरिक के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, ताकि शहर की हवा को बेहतर बनाया जा सके।

आमिर खान ने किरण राव की बातों से सहमति जताते हुए कहा कि सभी को सकारात्मक तरीके से योगदान देना चाहिए। एक्टर ने यह भी खुलासा किया कि इस साल मैराथन में शामिल होने के लिए उन्हें उनकी बेटी इरा खान ने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों और सीनियर सिटीजन्स की दौड़ में लोगों का उत्साह देखकर उन्हें लगा कि उन्हें हर साल इसमें भाग लेना चाहिए। आमिर ने मुंबई की इस भावना की खूब तारीफ की।

टाटा मुंबई मैराथन का 21वां एडिशन

आज टाटा मुंबई मैराथन का 21वां एडिशन आयोजित हुआ, जिसमें रिकॉर्ड तोड़ 69,000 से अधिक धावकों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इनमें 65,400 ऑन-ग्राउंड और 3,700 वर्चुअल रनर्स शामिल थे। मैराथन की शुरुआत और अंत दोनों दक्षिण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से हुई।

इस साल की मैराथन में राहुल बोस, निकिता दत्ता, डिनो मोरिया, विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज जैसे कई अन्य सेलेब्रिटीज भी नजर आए, जिन्होंने दौड़ में हिस्सा लिया और सभी का हौसला बढ़ाया।

Comments