एआर रहमान विवाद: 'जय हो' गाने को लेकर राम गोपाल वर्मा ने दी सफाई, सुखविंदर सिंह भी बोले

संगीतकार एआर रहमान इन दिनों अपने एक बयान की वजह से चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने कहा है कि सांप्रदायिक कारणों से उन्हें पिछले 8 सालों से बॉलीवुड में काम नहीं मिला है। उनके इस बयान पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली है, जहां कुछ लोग उनके समर्थन में हैं तो वहीं कुछ उनके खिलाफ बोल रहे हैं। इसी बीच, निर्देशक राम गोपाल वर्मा का एक पुराना इंटरव्यू वायरल हो गया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि ऑस्कर विजेता गाना 'जय हो' असल में एआर रहमान ने नहीं, बल्कि गायक सुखविंदर सिंह ने कंपोज किया था।

राम गोपाल वर्मा ने दी सफाई

इस वायरल इंटरव्यू के दावों पर राम गोपाल वर्मा ने खुद सफाई दी है। उन्होंने अपने ऑफिशियल X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लिखा, "मैं सभी को यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि 'जय हो' गाने को लेकर मेरी बातों को गलत समझा गया है। मेरे लिए एआर रहमान सर्वश्रेष्ठ संगीतकारों में से एक हैं और एक बहुत ही अच्छे इंसान भी हैं। वह कभी भी किसी का श्रेय नहीं लेते। मुझे उम्मीद है कि इससे इस मामले को लेकर फैली गलतफहमियां और नकारात्मकता समाप्त हो जाएगी।"

वायरल वीडियो में क्या था दावा?

राम गोपाल वर्मा के पुराने इंटरव्यू में यह दावा किया गया था कि एआर रहमान, सुभाष घई की फिल्म 'युवराज' के लिए गाने कंपोज कर रहे थे। गाने की डिलीवरी में देरी होने पर सुभाष घई ने सुखविंदर सिंह से वह गाना तैयार करवाया था। उस समय गाने को अस्वीकार कर दिया गया था, लेकिन बाद में वही गाना 'स्लमडॉग मिलेनियर' फिल्म में 'जय हो' के रूप में इस्तेमाल हुआ, जिसके लिए एआर रहमान को ऑस्कर मिला था।

सुखविंदर सिंह भी दे चुके हैं सफाई

राम गोपाल वर्मा के इस वायरल इंटरव्यू पर गायक सुखविंदर सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी थी। 2024 में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने स्पष्ट किया था कि 'जय हो' गाने को उन्होंने कंपोज नहीं किया है, बल्कि उन्होंने सिर्फ उसे अपनी आवाज दी थी। गाने के असली कंपोजर एआर रहमान ही हैं।

Comments