गरीबी से निकले विशाल जेठवा, 'होमबाउंड' से बने इंटरनेशनल स्टार: पिता नारियल पानी बेचते थे, माँ ने की घर-घर सफाई

एक्टर विशाल जेठवा की नीरज घायवान के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘होमबाउंड’ भले ही ऑस्कर की रेस से बाहर हो गई हो, लेकिन इस फिल्म ने विशाल को इंटरनेशनल स्टार बना दिया है। कान्स फिल्म फेस्टिवल सहित कई प्रमुख इंटरनेशनल फेस्टिवल में इस फिल्म की स्क्रीनिंग हुई, जहां इसे खूब सराहा गया। इस फिल्म के जरिए विशाल जेठवा भले ही ग्लोबल मंच पर छा गए हों, लेकिन यहां तक पहुंचने की उनकी जर्नी बिल्कुल भी आसान नहीं थी।

गरीबी में बीता बचपन, पिता बेचते थे नारियल पानी

एक्टर विशाल जेठवा का बचपन मुंबई की एक चॉल में बहुत ही गरीबी में बीता। उनके पिता नरेश जेठवा नारियल पानी बेचते थे। विशाल जब 13 साल के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया। उस मुश्किल दौर को याद करते हुए विशाल बताते हैं, "मैं लोअर मिडिल क्लास फैमिली से आता हूं। आप इसे गरीब परिवार भी कह सकते हैं। मेरे पिता ने नारियल पानी भी बेचा है। बियर बार के लिए सींग-चने के पैकेट भी बनाए हैं। मैं खुद बियर बार के सींग-चने के पैकेट बनाने में उनकी मदद करता था।" यह 2008 की बात है, जो उनके लिए सबसे बुरा दौर था। तब वे मलाड के चॉल वाले घर में रहते थे, जहां पंखा और एसी तक नहीं था। घर पर बहुत सारा कर्ज हो गया था। उस कर्ज को चुकाने के लिए उन्हें अपना घर बेचना पड़ा, फिर भी वे सिर्फ 20 प्रतिशत ही कर्ज उतार पाए थे।

माँ ने संभाला परिवार, बेटे के सपने को नहीं टूटने दिया

पिता के निधन के बाद विशाल जेठवा की मां प्रीति जेठवा ने परिवार का पेट पालने के लिए घरों में सफाई का काम किया और यहां तक कि सैनिटरी पैड्स भी बेचे। लेकिन उन्होंने अपने बेटे के सपनों को कभी मरने नहीं दिया। मां के सपोर्ट से ही विशाल एक्टर बनने का सपना पूरा कर पाए। शुरुआत में उन्हें काफी रिजेक्शन का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी।

'होमबाउंड' से मिली इंटरनेशनल पहचान

विशाल जेठवा की फिल्म 'होमबाउंड' ने उन्हें भले ही ऑस्कर तक न पहुंचाया हो, लेकिन इस फिल्म ने उन्हें एक इंटरनेशनल स्टार के तौर पर स्थापित किया है। कान्स जैसे प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में फिल्म की स्क्रीनिंग ने उन्हें ग्लोबल ऑडियंस के बीच पहचान दिलाई है। यह फिल्म उनकी मेहनत और संघर्ष की एक मिसाल है, जिसने साबित किया कि लगन और मजबूत इरादों से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

Comments