पंजाबी संगीत जगत में उस वक्त हलचल मच गई जब पंजाब के मशहूर सिंगर मास्टर सलीम, हंसराज हंस के बेटे युवराज हंस और रोशन प्रिंस ने रियलिटी शो की शूटिंग के दौरान सिंगर नछत्तर गिल का मज़ाक उड़ाया। तीनों ने मिलकर नछत्तर गिल के एक सैड सॉन्ग को बैकग्राउंड में चलाकर एक रील बनाई, जिसमें वे उनके सुरों पर तंज कसते हुए हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं।
युवराज हंस ने शेयर किया वीडियो, नछत्तर गिल ने जताई नाराजगी
इस रील का वीडियो युवराज हंस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया, जिसके बाद सिंगर नछत्तर गिल ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर जवाब दिया, जिसमें उन्होंने लिखा, "क्यों आप सब अपनी अक्ल का जनाजा निकाल रहे हो। मैं मानता हूं कि आप मुझसे बड़े और सुरीले कलाकार हो।"
फैंस का मिला नछत्तर गिल को साथ
नछत्तर गिल को उनके फैंस का भरपूर समर्थन मिला। फैंस ने कमेंट्स में तीनों कलाकारों को उनके इस कृत्य के लिए टोका और कहा कि तीनों की गायकी अच्छी है, लेकिन नछत्तर गिल भी एक उम्दा सिंगर हैं। फैंस की राय में, मास्टर सलीम, युवराज हंस और रोशन प्रिंस को अपने साथी कलाकार का इस तरह मज़ाक नहीं उड़ाना चाहिए था।
• *मास्टर सलीम ने मांगी माफी, सफाई में कहा- 'अनजाने में हुआ'
आलोचनाओं का सामना करते हुए, मास्टर सलीम ने तुरंत एक वीडियो जारी कर स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा, "हम नछत्तर गिल का बहुत सम्मान करते हैं। यदि उन्हें बुरा लगा हो, तो इसके लिए हम उनसे माफी मांगते हैं। हम शूटिंग कर रहे थे और पीछे नछत्तर गिल का गाना बज रहा था। अनजाने में यह रिहर्सल के वीडियो में आ गया। हमने किसी का मज़ाक नहीं उड़ाया। नछत्तर गिल जैसा कोई गा नहीं सकता।"
कैसे उड़ाया मज़ाक?
तीनों सिंगरों ने मिलकर एक वीडियो बनाया था, जिसमें नछत्तर गिल का गाना "साडी जान ते बनी है, तेरा हस्सा हो गया" बज रहा था। वीडियो की शुरुआत में और बीच-बीच में लंबे सुर लगाकर वे सिंगर के गाने का मज़ाक उड़ाते हुए दिखाई दे रहे थे।
इस घटना ने पंजाबी संगीत उद्योग में कलाकारों के बीच आपसी सम्मान और व्यवहार पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
Comments
Post a Comment