यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में: अश्लील बातों पर फंसे, माफी भी मांगी

सिंगर-रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह विवादित है। दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान स्टेज पर उन्होंने ठंड का हवाला देते हुए अश्लील बातें करनी शुरू कर दीं। फैंस ने इसका वीडियो बनाया जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस हरकत पर पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने कड़ी आपत्ति जताई है।

जसबीर जस्सी का हनी सिंह पर निशाना

जसबीर जस्सी ने वीडियो जारी कर कहा, "यो यो हनी सिंह ने सारी हदें पार कर दी हैं। मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता था, लेकिन उन्होंने सारी सीमाएं लांघ दीं। यह फिर से शुरू हो गया है और अब रुकने वाला नहीं है।" उन्होंने हनी सिंह के परिवार से भी अपील की कि वे इस मामले को रुकवाने में मदद करें, वरना यह गलत संदेश देगा।

हनी सिंह की माफी और पुराना विवाद

विवाद बढ़ने के बाद हनी सिंह ने माफी मांग ली है। यह पहली बार नहीं है जब हनी सिंह अपने गानों में अश्लील डांस और शब्दों के कारण विवादों में आए हों। 2014 से 2018 तक वे म्यूजिक इंडस्ट्री से गायब रहे थे, जिसकी वजह उन्होंने डिप्रेशन, एंग्जाइटी और मानसिक परेशानी बताई थी।

'नागन' गाने को लेकर भी शिकायत

हाल ही में, हनी सिंह के एक पुराने गाने 'नागन' को लेकर भी विवाद हुआ था। जालंधर के एक भाजपा नेता ने पंजाब के DGP को शिकायत भेजकर गाने के वीडियो में नग्नता, भद्दे डांस और आपत्तिजनक दृश्यों पर कड़ा एतराज जताया था। शिकायत में कहा गया था कि यह गाना पंजाबी संस्कृति को खराब कर रहा है।

Comments