धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित करने की घोषणा, हेमा मालिनी ने जताई खुशी

दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को रविवार को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित करने की घोषणा की गई। यह सम्मान फिल्म इंडस्ट्री में उनके लंबे और अहम योगदान के लिए दिया जाएगा।

बता दें कि धर्मेंद्र का निधन पिछले साल 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में हुआ था। इस घोषणा के बाद उनकी पत्नी और एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने धर्मेंद्र की तस्वीर के साथ लिखा कि उन्हें गर्व है कि सरकार ने धरम जी के फिल्म इंडस्ट्री में दिए गए योगदान को पहचान दी है और उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया है।

पूरा परिवार बहुत खुश-उत्साहित है: हेमा मालिनी

वहीं, इंडिया टुडे से बात करते हुए हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को यह सम्मान मिलने पर कहा कि पूरा परिवार बहुत खुश और उत्साहित है। उन्होंने कहा, “हम जरूर चाहते थे कि यह सम्मान उन्हें पहले मिला जाता, जब वह हमारे साथ इसे लेने के लिए मौजूद होते, लेकिन फिर भी हम खुश हैं। वह इस सम्मान के पूरी तरह हकदार थे। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को बहुत कुछ दिया है।”

हेमा मालिनी ने आगे कहा कि आज हर कोई चाहे उनके फैंस हों या फिल्म इंडस्ट्री के लोग धर्मेंद्र के बारे में अच्छी बातें कर रहा है। यह देखकर उनका दिल गर्व से भर जाता है। उन्होंने बताया कि सभी चाहते थे कि उन्हें यह सम्मान मिले।

धर्मेंद्र ने कभी अवॉर्ड की परवाह नहीं की

धर्मेंद्र को उनके करियर में ज्यादा अवॉर्ड्स नहीं मिले। जिंदा रहते हुए उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के अलावा कोई फिल्मफेयर अवॉर्ड भी नहीं मिला। हेमा मालिनी ने कहा कि यह वह सामान्य तौर पर बता रही हैं, लेकिन अलग-अलग जगहों से लोगों का जो प्यार और सम्मान उन्हें मिला, वह दिल को छू लेने वाला है।

हेमा मालिनी ने यह भी कहा कि धर्मेंद्र सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि सच्चे कलाकार थे।

Comments