अंतरराष्ट्रीय थ्रिलर 'व्हाइट' में जेनिफर लोपेज का खास गाना, विक्रांत मैसी गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के रूप में

अंतरराष्ट्रीय थ्रिलर फिल्म ‘व्हाइट’ (White) अपनी घोषणा के बाद से ही चर्चाओं में बनी हुई है। इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी (Vikrant Massey) आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर (Sri Sri Ravi Shankar) की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय स्टारकास्ट और क्रू ने पहले ही लोगों का ध्यान खींचा है। अब इस फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।

जेनिफर लोपेज कर सकती हैं 'व्हाइट' के लिए खास गाना

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फिल्म के निर्माता एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक लेबल के साथ बातचीत कर रहे हैं। इस लेबल ने हॉलीवुड की मशहूर अदाकारा और गायिका जेनिफर लोपेज (Jennifer Lopez) से फिल्म के लिए एक खास गीत की रिकॉर्डिंग का अनुरोध किया है। यह सहयोग एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक लेबल के माध्यम से हो रहा है, जो अपनी वैश्विक पहुंच और दुनिया के शीर्ष कलाकारों के साथ काम करने के लिए जाना जाता है।

अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि जेनिफर लोपेज और यह अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक लेबल मिलकर फिल्म 'व्हाइट' के लिए एक थीम सॉन्ग पर काम कर सकते हैं। यह गाना फिल्म की आत्मा को दर्शाएगा और इसमें शांति, प्रेम और एकता का संदेश होगा। यह गीत अंग्रेजी और स्पेनिश दोनों भाषाओं में होगा और भारतीय दर्शन से प्रेरित होगा। इस एंथम की कल्पना माइकल जैक्सन (Michael Jackson) के आइकॉनिक गीत ‘Heal The World’ की तरह की जा रही है।

'व्हाइट' - एक ग्लोबल थ्रिलर

फिल्म ‘व्हाइट’ को वैश्विक स्तर पर दर्शकों के लिए बनाया जा रहा है। यह थ्रिलर फिल्म मुख्य रूप से अंग्रेजी और स्पेनिश भाषा में होगी। इसे बाद में हिंदी सहित 21 भाषाओं में डब करने की योजना है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिसमें से लगभग 90% हिस्सा दक्षिण अमेरिका में शूट किया गया है।

फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसके 90% कलाकार और तकनीकी टीम अंतरराष्ट्रीय हैं। सिनेमैटोग्राफी की कमान मशहूर वेब सीरीज 'नार्कोस' (Narcos) के लिए जाने जाने वाले जुआन कार्लोस गिल (Juan Carlos Gil) ने संभाली है।

Comments