सुनिधि चौहान के गोवा कॉन्सर्ट पर बाल संरक्षण इकाई का एक्शन, 'बीड़ी जलाई ले' जैसे गाने न गाने का नोटिस
प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका सुनिधि चौहान को चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेन्नवर की शिकायत के बाद दक्षिण गोवा जिला बाल संरक्षण इकाई ने एक नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में गायिका को 'बीड़ी जलाई ले' और 'शराबी' जैसे गाने न गाने का निर्देश दिया गया है।
यह मामला सुनिधि चौहान के 25 जनवरी को गोवा के 1919 स्पोर्ट्स क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले 'द अल्टीमेट सुनिधि लाइव' कॉन्सर्ट से जुड़ा है। प्रोफेसर डॉ. धरेन्नवर ने शिकायत की थी कि कॉन्सर्ट के आयोजकों को बच्चों की उपस्थिति में तंबाकू और शराब को बढ़ावा देने वाले गानों को बजाने या गाने से रोका जाए। इसी शिकायत के आधार पर गोवा चाइल्ड कमीशन ने सुनिधि चौहान के लाइव कॉन्सर्ट के संबंध में कड़ा रुख अपनाया है।
कौन हैं प्रोफेसर पंडित राव धरेन्नवर?
प्रोफेसर पंडित राव धरेन्नवर चंडीगढ़ के सेक्टर 46 स्थित एक कॉलेज में समाजशास्त्र पढ़ाते हैं। कन्नड़ भाषी होने के बावजूद, उन्हें पंजाबी भाषा से गहरा लगाव है। वे लोगों को पंजाबी भाषा को अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने का अभियान चला रहे हैं। वे अक्सर अपने सिर पर 'पंजाबी भाषा का प्रयोग करें' लिखा बोर्ड लेकर सड़कों पर घूमते हैं और लोगों से अपनी दुकानों के साइनबोर्ड पंजाबी में लगवाने की अपील करते हैं।
अश्लील और नशे को बढ़ावा देने वाले गानों के खिलाफ अभियान
प्रोफेसर धरेन्नवर सिर्फ पंजाबी भाषा को बढ़ावा ही नहीं देते, बल्कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ क्षेत्र में अश्लील, हिंसक और नशे को बढ़ावा देने वाले गानों के खिलाफ भी एक मजबूत अभियान चला रहे हैं। उनकी यह शिकायत इसी अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत उन्होंने सुनिधि चौहान के कॉन्सर्ट में बच्चों के सामने ऐसे गानों को बजने से रोकने की मांग की थी।
Comments
Post a Comment