ए.आर. रहमान को काम न मिलने पर अनूप जलोटा की सलाह: 'अगर मुस्लिम होने से काम नहीं मिल रहा तो हिंदू बन जाओ'
मशहूर भजन सम्राट अनूप जलोटा ने ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें एक अनोखी सलाह दी है। रहमान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें पिछले 8 सालों से फिल्मों में काम मिलना कम हो गया है और इसके पीछे शायद सांप्रदायिक कारण हो सकते हैं। इस पर जलोटा ने कहा, "ए.आर. रहमान पहले हिंदू थे और बाद में उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाया। इसके बावजूद उन्होंने संगीत इंडस्ट्री में खूब काम किया, नाम कमाया और लोगों के दिलों में जगह बनाई। लेकिन अगर उन्हें लगता है कि मुस्लिम होने की वजह से हमारे देश में उन्हें फिल्मों में संगीत का काम नहीं मिल रहा है, तो उन्हें फिर से हिंदू बन जाना चाहिए।"
'हिंदू बनकर देखें, शायद फिल्में मिलने लगें': जलोटा
अनूप जलोटा ने आगे कहा, "उन्हें यह मानना चाहिए कि हिंदू बनने से उन्हें दोबारा फिल्में मिलने लगेंगी। यही बात रहमान कहना चाहते हैं। इसलिए मेरा सुझाव है कि वे हिंदू बनकर देखें और जांचें कि क्या उन्हें फिर से फिल्में मिलती हैं या नहीं।"
इससे पहले भी जलोटा ने रहमान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे "खतरनाक टिप्पणी" बताया था। उन्होंने कहा था, "मैं 50 सालों से बॉलीवुड में हूं। ये वो जगह है जहां सांप्रदायिक चीजों की जगह नहीं है। मुझे नहीं पता उन्होंने ऐसा क्यों कहा।"
ए.आर. रहमान का क्या था बयान?
ए.आर. रहमान ने बीबीसी नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में कहा था, "पिछले 8 सालों में शायद सत्ता का बदलाव हुआ है और जो क्रिएटिव नहीं हैं, वे फैसले ले रहे हैं।'
उन्होंने आगे कहा, "शायद कोई कम्युनल बात भी रही हो, लेकिन मेरे सामने किसी ने कुछ नहीं कहा। हां, कुछ ‘व्हिस्पर्स’ सुनाई देती हैं। जैसे आपको बुक किया गया था, लेकिन दूसरी म्यूजिक कंपनी ने फिल्म फंड की और अपने संगीतकार ले आई। मैं कहता हूं, ठीक है, मैं आराम करूंगा।"
Comments
Post a Comment