बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। इसी बीच, एक्टर एक अलग वजह से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। शनिवार को वरुण ने ट्रैफिक से बचने के लिए मुंबई मेट्रो का इस्तेमाल किया और एक सिनेमाघर में सरप्राइज विजिट करने पहुंचे।
मेट्रो में पुल-अप्स, वायरल हुआ वीडियो
वरुण ने मेट्रो से अपनी एक इंस्टाग्राम स्टोरी भी शेयर की थी, जिसमें उन्होंने फैंस से पूछा था कि वह किस थिएटर जा रहे हैं। लेकिन कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल होने लगे, जिनमें वरुण मेट्रो कोच के अंदर ओवरहेड मेटल रॉड से लटककर पुल-अप्स करते नजर आए। वीडियो में उनके आसपास अन्य यात्री भी खड़े थे।
मुंबई मेट्रो की चेतावनी
वीडियो सामने आने के बाद महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वरुण को टैग करते हुए लिखा, “इस वीडियो के साथ आपकी एक्शन फिल्मों की तरह डिस्क्लेमर होना चाहिए था, @Varun_dvn। महा मुंबई मेट्रो में ऐसा करने की कोशिश न करें। दोस्तों के साथ मेट्रो में ‘हैंग आउट’ करना ठीक है, लेकिन ये ग्रैब हैंडल लटकने के लिए नहीं होते।”
MMMOCL ने आगे चेतावनी दी कि इस तरह के काम मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन और मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 के तहत न्यूसेंस फैलाने और/या प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने से जुड़ी धाराओं के तहत दंडनीय हैं। अपराध की गंभीरता के आधार पर जुर्माना और जेल भी हो सकती है। उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी से यात्रा करने की अपील की।
सोशल मीडिया पर तारीफ
अथॉरिटी की इस प्रतिक्रिया की सोशल मीडिया यूजर्स खूब तारीफ कर रहे हैं। लोगों ने मुंबई मेट्रो की निष्पक्षता की सराहना की और कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सभी के लिए नियम बराबर होने चाहिए।
Comments
Post a Comment