संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' पोस्टपोन नहीं हुई, इसी साल होगी रिलीज!

संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'लव एंड वॉर' को लेकर हाल ही में कुछ ऐसी खबरें सामने आई थीं, जिन्होंने फैंस को थोड़ी मायूसी दी थी। ऐसी चर्चा थी कि फिल्म की शूटिंग में देरी के चलते इसे पोस्टपोन कर दिया गया है और अब यह 2027 में रिलीज होगी।

पोस्टपोन होने की खबरों का खंडन

लेकिन, अब फिल्म की टीम ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने दैनिक भास्कर से बातचीत में इन खबरों को 'बेबुनियाद' बताया है। सूत्र के मुताबिक, "संजय लीला भंसाली ने हाल ही में फिल्म का एक गाना शूट किया है। फिल्म के ज्यादातर जरूरी सीन पहले ही शूट किए जा चुके हैं। फिल्म 2026 में ही रिलीज होगी।"

कैसे फैलीं थीं पोस्टपोन होने की अफवाहें?

दरअसल, हाल ही में पिंकविला की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 'लव एंड वॉर' की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है। रिपोर्ट में कहा गया था कि फिल्ममेकर्स को जून के बाद भी फिल्म के कुछ अहम सीन शूट करने हैं। यह भी कहा गया था कि फिल्म को भव्य बनाने के लिए, जिसमें एरियल एक्शन सीन और वीएफएक्स वर्क शामिल हैं, इसे पोस्टपोन किया जा रहा है।

एक और कारण जो सामने आ रहा था, वह था रणबीर कपूर की मेगा बजट फिल्म 'रामायण: पार्ट-1' का नवंबर 2026 में रिलीज होना। मेकर्स यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि रणबीर की दोनों फिल्में 'रामायण' और 'लव एंड वॉर' अलग-अलग समय पर रिलीज हों, ताकि दोनों को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने का मौका मिले।

14 अगस्त को ही होगी रिलीज, दो बड़ी फिल्मों से होगा क्लैश

लेकिन अब टीम ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। फिल्म तय रिलीज डेट यानी 14 अगस्त 2026 को ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ऐसे में, 'लव एंड वॉर' का सीधा क्लैश कार्तिक आर्यन की सुपरनैचुरल फैंटेसी फिल्म 'नागजिला' से होगा, जो इसी दिन रिलीज हो रही है।

Comments