ओ रोमियो: गैंगस्टर की बेटी ने मेकर्स को भेजा 2 करोड़ का नोटिस, फिल्म पर लगा स्टे का खतरा

विशाल भारद्वाज की आने वाली फिल्म 'ओ रोमियो' मुसीबतों में घिरती नजर आ रही है। मुंबई के कुख्यात गैंगस्टर हुसैन शेख उर्फ उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म के मेकर्स को 2 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। सनोबर का आरोप है कि फिल्म में उनके पिता की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे उनके परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

क्या है पूरा मामला?

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, सनोबर शेख ने यह नोटिस फिल्म के निर्देशक विशाल भारद्वाज और निर्माता साजिद नाडियाडवाला के नाम भेजा है। उन्होंने नोटिस में फिल्म में उनके पिता के चित्रण पर आपत्ति जताई है और 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। सनोबर ने मेकर्स को इस नोटिस का जवाब देने और अपनी समस्या का समाधान निकालने के लिए सात दिनों का समय दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी मांग की है कि जब तक उनकी आपत्तियों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी जाए। यह नोटिस पिछले हफ्ते भेजा गया था।

टीजर के बाद उठी थीं आपत्तियां

गौरतलब है कि फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि शाहिद कपूर का किरदार गैंगस्टर हुसैन शेख उर्फ उस्तरा से प्रेरित है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस तरह के किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की गई थी।

'ओ रोमियो' के बारे में

'ओ रोमियो' विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित एक मल्टीस्टारर फिल्म है, जो 13 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है। यह पहली बार है जब विशाल भारद्वाज और साजिद नाडियाडवाला एक साथ काम कर रहे हैं। वहीं, शाहिद कपूर आठ साल बाद विशाल भारद्वाज के निर्देशन में काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों 'कमीने', 'रंगून' और 'हैदर' जैसी सफल फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। 'ओ रोमियो' में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फ्रेश जोड़ी देखने को मिलेगी। यह पहली बार होगा जब ये दोनों कलाकार एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फिल्म में शाहिद और तृप्ति के अलावा नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, विक्रांत मेसी, दिशा पाटनी और तमन्ना भाटिया जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।

Comments