बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ (King) का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है, जिसके साथ एक धांसू टीजर भी जारी किया गया है। यह मल्टी-स्टारर फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
'किंग' का दमदार टीजर जारी
शाहरुख खान ने फिल्म के टीजर को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। टीजर शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, "किंग 24.12.2026 को सिनेमाघरों में दहाड़ने के लिए तैयार है।" यह 45 सेकंड का टीजर किंग के जबरदस्त फर्स्ट लुक को पेश करता है।
टीजर में क्या है खास?
टीजर की शुरुआत बर्फीली चट्टानों पर खड़े शाहरुख खान की दहाड़ से होती है। इसके बाद, उनका एंट्री सीन बेहद प्रभावशाली है, जिसमें वह शीशे की छत तोड़ते हुए नजर आते हैं। खून से सने शाहरुख का डायलॉग, "डर नहीं, दहशत हूं", टीजर को और भी रोमांचक बना देता है। टीजर में 'किंग' की दुनिया की झलक दिखाई गई है, जहां शाहरुख खान एक बिल्कुल नए, बोल्ड और पावरफुल अवतार में दिख रहे हैं। शानदार लोकेशन्स और दमदार विजुअल्स दर्शकों की उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुंचा रहे हैं।
पहले ही मचा चुका है धमाल
इससे पहले, 2 नवंबर को शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर रिलीज हुए टाइटल रिवील वीडियो ने भी सोशल मीडिया पर खूब धूम मचाई थी। अब रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही फिल्म को लेकर लोगों का क्रेज और भी बढ़ गया है।
स्टारकास्ट और प्रोडक्शन
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले बन रही 'किंग' में शाहरुख खान के अलावा सुहाना खान, रानी मुखर्जी, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि अभिषेक बच्चन इस फिल्म में विलेन के किरदार में दिखाई देंगे।
Comments
Post a Comment