पंजाबी और बॉलीवुड फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस मैंडी ठक्कर और शेखर कौशल के फैंस के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। दोनों ने शादी के महज 23 महीने बाद तलाक लेने का फैसला किया है। दिल्ली की साकेत कोर्ट से मैंडी ठक्कर ने शुक्रवार को अपने पति शेखर कौशल से तलाक ले लिया है। दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है, जिससे उनके चाहने वालों में निराशा फैल गई है।
शिमला में शुरू हुई थी लव स्टोरी:
मैंडी ठक्कर और शेखर कौशल की मुलाकात चार साल पहले शिमला में फिल्म 'हाय मेरी मोटो' के सेट पर हुई थी। यहीं से उनकी लव स्टोरी की शुरुआत हुई। दोनों ने करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट किया और फिर 13 फरवरी 2024 को शादी के बंधन में बंध गए।
दो बार हुई शादी:
दोनों के धर्म अलग-अलग होने के कारण उनकी शादी की रस्में दो बार निभाई गईं। मैंडी ठक्कर सिख परिवार से हैं, इसलिए उनकी शादी पहले आनंद कारज की रस्म से हुई। वहीं, शेखर कौशल हिंदू परिवार से होने के कारण उनकी शादी वैदिक विधि से भी संपन्न हुई।
तलाक की वजहें:
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पिछले 4 महीने से अनबन की खबरें आ रही थीं। अक्टूबर में मैंडी ठक्कर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शादी की तस्वीरें और वीडियो हटा दिए थे, जिससे इन अफवाहों को और हवा मिली। मैंडी और शेखर के वकील ईशान मुखर्जी ने बताया कि दोनों ने तलाक म्यूचुअल कंसेंट (आपसी सहमति) से लिया है। कोर्ट ने उनकी पहली अर्जी को स्वीकार कर लिया है। वकील के मुताबिक, दोनों के बीच व्यक्तिगत और वैचारिक मतभेद थे, जिसके कारण उन्होंने सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया। कोर्ट के अंदर हुए समझौतों को दोनों ने गोपनीय रखने का निर्णय लिया है।
Comments
Post a Comment