लोकप्रिय स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने अपने फैंस को एक बड़ा झटका देते हुए स्टेज शो से लंबे ब्रेक का ऐलान किया है। जाकिर खान इन दिनों अपने 'स्पेशल पापा यार' टूर पर हैं और इसी टूर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह हैदराबाद में अपने आखिरी शो को संबोधित करते हुए नज़र आ रहे हैं।
हैदराबाद में आखिरी शो और ब्रेक का ऐलान
वायरल हो रहे वीडियो में जाकिर खान हैदराबाद की जनता को संबोधित करते हुए कहते हैं कि यह उनका आखिरी शो होगा क्योंकि वह लंबे ब्रेक पर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी वापसी 2028-29 या 2030 तक हो सकती है। उन्होंने इस ब्रेक के पीछे अपनी सेहत और कुछ निजी कारणों को बताया है। स्टेज से अपने दर्शकों का शुक्रिया अदा करते हुए जाकिर ने कहा कि वे सभी उनके दिल के करीब हैं और उन्हें मिले प्यार के लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे।
सोशल मीडिया पर भी दी हिंट
जाकिर खान ने इस ब्रेक का इशारा अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी दिया। दुबई पहुंचने के बाद शेयर की गई एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि 20 जून तक उनके हर शो एक उत्सव की तरह होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार वे कई शहरों में नहीं आ पाएंगे, इसलिए दर्शकों से खास तौर पर शो में आने की अपील की।
सेहत को लेकर पहले भी कर चुके हैं बात
यह पहली बार नहीं है जब जाकिर खान ने अपनी सेहत को लेकर बात की हो। पिछले साल सितंबर में भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर बताया था कि वह एक साल से ज़्यादा समय से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, लेकिन फिर भी उन्होंने काम जारी रखा क्योंकि उन्हें यह ज़रूरी लग रहा था। उन्होंने बताया था कि पिछले करीब दस साल से वे लगातार टूर कर रहे हैं और इस दौरान वे दिन में दो से तीन शो करते रहे हैं।
Comments
Post a Comment