पंजाबी सिंगर सिंगा, जो 'जट्ट दी क्लिप वी न्यूज बण गई' जैसे हिट गानों के लिए जाने जाते हैं, अपने नए गाने 'असला 2.0' के रिलीज़ होने से पहले ही विवादों में घिर गए हैं। उन पर संगीत उद्योग के कई कलाकारों को 'छक्का' (किन्नर) कहने और यह दावा करने का आरोप है कि इंडस्ट्री में अब 'मर्द' ही नहीं बचे हैं।
वायरल हुआ पुराना इंटरव्यू और सोशल मीडिया पर बवाल
सिंगा का यह बयान एक साल पुराने इंटरव्यू का है, जिसकी क्लिप अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस क्लिप में सिंगा कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, "न ही कोई बंदा है और न ही मर्दों वाली बात रह गई है। आजकल म्यूजिक इंडस्ट्री में ज्यादातर छक्के आ गए। मुझे लगता है कि म्यूजिक इंडस्ट्री में मर्द नहीं रह गए हैं।"
इस बयान के कारण सिंगा को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। यूजर्स उनकी टिप्पणियों को आपत्तिजनक और अपमानजनक बता रहे हैं।
'असला 2.0' और विवादित बोल
सिंगा ने कुछ समय इंडस्ट्री में चुप्पी साधने के बाद 'हथियार कल्चर' पर आधारित अपना नया गाना 'असला 2.0' 23 जनवरी को अपने यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ किया है। इस गाने में हथियारों की खुलेआम नुमाइश के साथ-साथ "सलवारों पर नजर..." जैसे विवादित बोल भी शामिल हैं, जो फैंस को पसंद नहीं आ रहे हैं। गाने की कुछ पंक्तियां जैसे "चक्क लो असला, वद गया मसला, भीड़ पै गई ए यारां ते" को उकसाने वाला माना जा रहा है।
सिंगा का पिछला विवादों का इतिहास
यह पहली बार नहीं है जब सिंगा विवादों में फंसे हैं। नवंबर 2022 में 'गल कल्चर' को बढ़ावा देने के आरोप में मोहाली में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसके अलावा, जालंधर और कपूरथला में भी धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले दर्ज हो चुके हैं। उनके गाने 'तेरी अम्मी' में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल और महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी के आरोप भी लगे थे, जिसके बाद भीम आर्मी और अन्य संगठनों के विरोध के चलते पुलिस ने कार्रवाई की थी।
Comments
Post a Comment