नीरज पांडे की 'तस्करी' बनी नेटफ्लिक्स ग्लोबल टॉप 10 में नंबर 1, जानें निर्देशक राघव एम. जयराथ से खास बातचीत
नीरज पांडे की बहुचर्चित सीरीज 'तस्करी' ने इतिहास रच दिया है। यह नेटफ्लिक्स ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश टीवी लिस्ट में नंबर 1 स्पॉट पर पहुंचने वाली पहली भारतीय सीरीज बन गई है। यह न सिर्फ शो के लिए, बल्कि भारतीय कहानी कहने की क्षमता के लिए भी एक बड़ा मील का पत्थर है। इस सीरीज का निर्देशन नीरज पांडे के साथ-साथ राघव एम.जयराथ और बी.ए फिदा ने किया है।'
'तस्करी' में इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में हैं, उनके साथ जोया अफरोज, अमृता खानविलकर, शरद केलकर, नंदीश सिंह संधू और अनुराग सिन्हा जैसे मंझे हुए कलाकार भी नजर आ रहे हैं। यह सीरीज एयरपोर्ट कस्टम्स की हाई-टेक दुनिया और स्मगलिंग के जटिल जाल की कहानी बयां करती है। हाल ही में, इस सीरीज के सह-निर्देशक राघव एम.जयराथ ने दैनिक भास्कर के साथ एक खास बातचीत में सीरीज की सफलता और इससे जुड़े कई पहलुओं पर प्रकाश डाला।
दर्शकों की प्रतिक्रिया पर क्या कहना है?
राघव एम.जयराथ ने दर्शकों की अपार प्रतिक्रिया पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है। जब हम कोई अच्छी चीज बनाते हैं, तो यह उसका बाय-प्रोडक्ट होता है। मैं, मेरा परिवार, हमारी पूरी टीम, कलाकार और इसमें शामिल सभी प्रतिभाएं इस वक्त दुनिया में सबसे ऊपर महसूस कर रही हैं।"
इमरान हाशमी के धन्यवाद वीडियो पर क्या कहेंगे?
इमरान हाशमी ने हाल ही में एक वीडियो जारी कर दर्शकों, फैंस और पूरी टीम को सीरीज को मिले प्यार के लिए धन्यवाद दिया था। इस पर राघव ने कहा, "मुझे लगता है इमरान ने बिल्कुल सही कहा। हमें जितना प्यार मिल रहा है, वो टीम की कड़ी मेहनत का नतीजा है। कहानी पर बहुत रिसर्च की गई। कस्टम अधिकारियों की मेहनत भी कम नहीं है, वे रोज फाइट करते हैं, सिस्टम के गैप्स भरते हैं।" उन्होंने आगे बताया, "अपराधी लगातार नई तकनीकें बनाते रहते हैं, और वे (कस्टम अधिकारी) उन्हें रोकते हैं। हम उन्हीं से प्रेरित हुए। नीरज पांडे सर के साथ को-डायरेक्ट करने का मौका मिला। हम सब बहुत खुश हैं।"
'तस्करी' की इस अभूतपूर्व सफलता ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय कंटेंट में वैश्विक स्तर पर छा जाने की अपार क्षमता है। यह सीरीज न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि दर्शकों को स्मगलिंग की दुनिया की बारीक से बारीक जानकारी भी देती है।
Comments
Post a Comment