रणवीर सिंह पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप: बेंगलुरु में FIR दर्ज

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ हिंदू धार्मिक भावनाओं और कर्नाटक की चावुंडी दैव परंपरा का अपमान करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) से जुड़ा है।

क्या है पूरा मामला?

बेंगलुरु के वकील प्रशांत मेथल ने रणवीर सिंह के खिलाफ यह एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रणवीर सिंह ने IFFI के मंच पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और ऐसा अभिनय किया, जिससे दैवा परंपरा के पवित्र तत्वों का मजाक उड़ाया गया। शिकायत में विशेष रूप से पंजुरली और गुलिगा दैवा का उल्लेख किया गया है, जिनके भाव-हावभाव की नकल रणवीर ने भद्दे, हास्यास्पद और अपमानजनक तरीके से की।

चावुंडी दैव पर विवादित टिप्पणी

शिकायत के अनुसार, रणवीर सिंह ने चावुंडी दैवा को ‘महिला भूत’ कहकर संबोधित किया। वकील मेथल का कहना है कि चावुंडी दैवा कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में पूजनीय रक्षक देवी हैं और वे दिव्य स्त्री शक्ति का प्रतीक हैं। उन्हें ‘भूत’ कहना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।

कानूनी प्रक्रिया

यह मामला अब बेंगलुरु की प्रथम अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट (CMM) अदालत को भेज दिया गया है। 8 अप्रैल को इस मामले में सुनवाई तय की गई है। वकील प्रशांत मेथल ने 27 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु में अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष एक निजी शिकायत दर्ज की थी। इसके बाद, 23 जनवरी 2026 को अदालत ने हाई ग्राउंड्स पुलिस को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 175, उपधारा 3 के तहत एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था।

Comments