हाल ही में विशाल भारद्वाज की मल्टीस्टारर फिल्म ‘ओ रोमियो’ का टीजर रिलीज हुआ है। इस टीजर में शाहिद कपूर के अलावा जिस एक और कलाकार ने सबका ध्यान खींचा है, वो हैं अनुभवी अभिनेत्री फरीदा जलाल। टीजर में फरीदा जलाल को एक बिल्कुल नए अंदाज में दिखाया गया है, जहाँ वे गाली-गलौज करती नजर आ रही हैं। इस पर अब खुद फरीदा जलाल ने बात की है।
विशाल भारद्वाज संग काम करने का मौका
जूम को दिए एक इंटरव्यू में फरीदा जलाल ने बताया कि विशाल भारद्वाज उनके फेवरेट डायरेक्टर्स में से एक हैं और वो उनके साथ काम करने के मौके को मना नहीं कर सकीं। उन्होंने बताया, “विशाल मेरे घर आए और उन्होंने मुझसे पूछा कि आप गाली देंगी ना?” विशाल के इस सवाल पर फरीदा ने अपना रिएक्शन शेयर करते हुए कहा, “क्या आप इमैजिन कर सकते हैं? मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या कहूं। मैं इतनी अभिभूत थी कि मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिलने वाला था। अगर मैं मना कर देती तो शायद मैं पछताती।”
'मैं नंगी-नंगी, गंदी-गंदी गालियां नहीं दूंगी'
फरीदा जलाल ने आगे बताया, “वो आदमी, जिसके साथ मैं हमेशा काम करना चाहती थी, मेरे सामने बैठा था। मैंने बस इतना ही कहा कि मैं नंगी-नंगी, गंदी-गंदी गालियां नहीं दूंगी। छोटी वाली, मामूली सी हो तो दे सकती हूं। मेरे हिसाब से यह ज्यादा अश्लील या गंदी नहीं थी। मैं मां-बहन तो नहीं बोलूंगी।” फरीदा की बात सुनकर विशाल भारद्वाज हंसने लगे और उनकी बात समझ गए।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया पर फरीदा का जवाब
फरीदा जलाल ने अपने इस डायलॉग पर सोशल मीडिया पर आई प्रतिक्रियाओं पर भी बात की। उन्होंने कहा, “मैंने फिल्म में यह बात सिर्फ एक बार कही है और देखिए कितना हंगामा मच गया है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि हमारी प्यारी दादी/मां ने गाली दी। वो बचपन से मुझे देखते आए हैं और मैं भी ऐसे डायलॉग से दूर रही हूं। लेकिन किरदार ऐसा है। वो हमेशा गुस्से में रहती है। कैरेक्टर चुन लिया तो पूरी तरह डूबना पड़ता है।”
विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को रिलीज होने वाली है।
Comments
Post a Comment