बॉलीवुड और ग्लैमर इंडस्ट्री दूर से जितनी चकाचौंध भरी दिखती है, कुछ लोगों के लिए करीब जाने पर उतनी ही अंधकार से भरी होती है। वहीं अंधकार, जो जानी-मानी मॉडल विवेका बाबाजी की मौत के कारणों में से एक रहा। 25 जून 2010 की बात है दोपहर का समय था, जगह थी मुंबई के बांद्रा में स्थित कॉन्टिनेंटल अपार्टमेंट। बिल्डिंग में रहने वाले एक परिवार ने पाया कि उनके घर में गैस लीक होने की तेज गंध आ रही है। ये गंध किसी पड़ोसी के घर से आ रही थी। कॉरिडोर में पहुंचे तो गंध तेज होने लगी। पता चला कि ये गंध पड़ोस में रहने वालीं 37 साल की मॉडल विवेका बाबाजी के घर से आ रही है। घबराकर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। काफी मशक्कत के बाद पड़ोसियों ने पुलिस और फायरब्रिगेड टीम को इसकी जानकारी दी। पुलिस पहुंची, दरवाजा तोड़ा गया, फिर जो मंजर सामने था, वो देखकर हर कोई खौफजदा हो गया। मॉडल विवेका बाबाजी लिविंग रूम के पंखे से लगे फंदे पर थीं। शरीर का रंग फीका पड़ चुका था और सांसें थम चुकी थीं। विवेका बाबाजी जानी-मानी मॉडल थीं। कामसूत्र कंडोम के एड में नजर आने के बाद उन्हें काफी पहचान मिली थी, जिसके बाद वो फिल्म ये कैसी मोहब्बत में भी नजर आई थीं। खुद की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी भी थी और वो जल्द ही बिजनेसमैन गौतम वोहरा से शादी करने वाली थीं। फिर अचानक ऐसा क्या हुआ, जो उन्होंने आत्महत्या कर ली? विवेका बाबाजी को करीब से जानने के लिए हमने उनके साथ काम कर चुके रोहित वर्मा से बात की, रोहित के लिए वो एक खुशमिजाज लड़की थीं, जो कभी आत्महत्या नहीं कर सकती थी। आज अनसुनी दास्तान के 3 चैप्टर्स में जानिए विवेका की जिंदगी की सिलसिलेवार कहानी- विवेका बाबाजी का जन्म 27 मई 1973 को मॉरीशस में हुआ। उनकी मां महाराष्ट्रियन थीं। 4 भाई-बहनों में सबसे छोटीं विवेका का झुकाव बचपन से ग्लैमर वर्ल्ड की ओर था। महज 20 साल की उम्र में उन्होंने मिस मॉरीशस का खिताब हासिल किया और फिर मिस वर्ल्ड 1993 और मिस यूनिवर्स 1994 का हिस्सा बनीं। स्कैंडल से बचने के लिए मॉरीशस से भागकर भारत आई थीं विवेका विवेका बाबाजी 1994 में हुए मनीला फिल्म फेस्टिवल में अवॉर्ड प्रेंजेटर बनी थीं। उन्होंने असल बेस्ट एक्ट्रेस विजेता की जगह अपनी दोस्त रूफा गटीरेज का नाम अनाउंस कर दिया था। दरअसल विवेका को एक्ट्रेस ग्रेचन बेरेटो और रूफा के भाई रॉकी के साथ बेस्ट एक्ट्रेस की अनाउंसमेंट करनी थी। ग्रेचन क्यू कार्ड पढ़ने के बाद विजेता का नाम लेने ही वाली थीं कि अचानक विवेका ने दोस्त रूफा गटीरेज के नाम की गलत अनाउंसमेंट कर दी। ग्रेचन गलत नाम अनाउंस होते ही शॉक रह गईं। इस दौरान साथ खड़े रूफा के भाई ने क्यू कार्ड को हाथ से छिपा लिया। माइक्रोफोन में विवेका को रॉकी से कहते सुना गया, रख लो, रख लो। ये सुनते ही रॉकी ने वो क्यू कॉर्ड जेब में रख लिया। ये पूरा स्कैंडल कैमरे में कैद हुआ। रूफा गटीरेज नॉमिनेटेड जरूर थीं, लेकिन ये अवॉर्ड आइको मेलेनडेज को मिलना था। इस स्कैंडल की जानकारी मिलने के बाद मनीला के मेयर अलफ्रेडो लिम ने इन्वेस्टिगेशन शुरू की, लेकिन एक्शन लिए जाने से पहले ही विवेका मॉरीशस छोड़कर भारत आकर बस गईं। रोहित वर्मा ने दिया था भारत में पहला मॉडलिंग ब्रेक भारत में विवेका बाबाजी का करियर कामयाब रहा। उन्होंने फैशन डिजाइनर रोहित वर्मा के साथ पहला रैंप शो किया था। दैनिक भास्कर से बातचीत में रोहित ने विवेका को याद कर कहा, विवेका मेरी बहुत अच्छी दोस्त थीं। वो मॉरीशस से आई थीं। उनका पहला रैंप वॉक शो मैंने ही करवाया था। बेहद हंसमुख और प्रोफेशनल लड़की थीं। बाद में उन्होंने कोरियोग्राफी में भी कदम रख लिया था। मुझे लगता है उन्होंने यह बड़ा कदम इसलिए उठाया क्योंकि वो लंबे समय से डिप्रेशन में थीं। हमारी इंडस्ट्री में जो चकाचौंध बाहर से दिखती है, उसके पीछे बहुत अंधेरा भी होता है, जिसमें कई लोग धीरे-धीरे टूट जाते हैं। ऐसा ही कुछ शायद विवेका के साथ भी हुआ। फैशन इंडस्ट्री में कामयाब रहीं, पहले ब्रेकअप के बाद बिजनेसमैन से करने वाली थीं शादी रोहित की मानें तो विवेका डिप्रेशन में थीं, लेकिन दूर से देखने में विवेका एक खुशमिजाज और कामयाब महिला थीं। फैशन इंडस्ट्री में उनकी अच्छी पकड़ थी। उन्होंने अबू जानी, रोहित बहल, रितु कुमार, तरुण तहिलियानी जैसे हर बड़े फैशन डिजाइनर्स के लिए रैंप वॉक की थी। मॉडलिंग में मिली कामयाबी की बदौलत उन्हें कामसूत्र कंडोम एड मिला, जिससे उनका एक्टिंग करियर भी आगे बढ़ने लगा। वो दलेर मेहंदी के म्यूजिक वीडियो बूम-बूम, हरभजन मान के गाने हाय मेरी बिल्लो और एबी के गाने फिर से में नजर आई थीं। उन्हें लगातार म्यूजिक वीडियोज और मॉडलिंग का काम मिल रहा था। कमाई भी बढ़ती जा रही थी। इस समय उन्हें कृष्णा अभिषेक, दीपक तिजोरी स्टारर फिल्म कैसी ये मोहब्बत में भी लीड रोल मिला था। एक्टर दीपक तिजोरी ने विवेका बाबाजी के साथ फिल्म करने पर बात करते हुए दैनिक भास्कर से कहा, ‘मुझे आज भी याद है कि डायरेक्टर दिनकर कपूर अपनी फिल्म के लिए किसी ग्लैमरस अभिनेत्री की तलाश में थे। उसी समय मैंने उन्हें विवेका बाबाजी का नाम सुझाया था।’ ‘विवेका बाहर से जितनी ग्लैमरस दिखती थीं, अंदर से उतनी ही मिलनसार और अच्छे स्वभाव की लड़की थीं। उस वक्त वह एक स्ट्रगलिंग मॉडल थीं और फिल्म में काम मिलना उनके लिए बड़ी बात थी। वह मेरी अच्छी सहकर्मी थीं, लेकिन मैंने कभी उनके निजी जीवन में क्या चल रहा है, इसमें दिलचस्पी नहीं ली। जब उनकी मौत की खबर मिली तो मैं हैरान रह गया। समझ नहीं आया कि इतनी प्यारी लड़की ऐसा कैसे कर सकती है।’ ग्लैमर वर्ल्ड में काम करते हुए विवेका बाबाजी की मुलाकात बिजनेसमैन कार्तिक जोबनपुत्रा से हुई। साल 2009 में दोनों रिलेशनशिप में आ गए। दोनों ने मिलकर इवेंट मैनेजमेंट कंपनी क्रीम इवेंट शुरू की थी। हालांकि 3-4 महीने लिव-इन में रहने के बाद ही दोनों के झगड़े बढ़ने लगे और दोनों अलग हो गए। विवेका ने कंपनी भी छोड़ दी। जनवरी 2010 में उन्होंने अपनी कंपनी बिवग्योर शुरू की। इस कंपनी ने अर्जुन खन्ना के ताज कोलाबा शो के अलावा भी कई शोज करवाए। शुरुआत में कंपनी मुनाफे में रही, लेकिन फिर विवेका को नुकसान होने लगा। इस समय विवेका की नजदीकियां बिजनेसमैन गौतम वोहरा से बढ़ने लगीं। उन्होंने अपनी मां को भी इस रिश्ते के बारे में बताया था और कहा था कि वो जल्द ही गौतम से शादी करेंगी। हालांकि कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। 16 जून 2010 को विवेका बाबाजी एक मैगजीन की एनिवर्सरी पार्टी में शामिल हुई थीं, जो राहुल अकेरकर के महालक्ष्मी रेस्टोरेंट में हुई थी। पार्टी में विवेका ने जमकर डांस किया और दोस्तों से खूब बातें कीं। इस पार्टी के ठीक 9 दिन बाद विवेका की लाश उनके अपार्टमेंट से मिली। मौत से पहले मां-बहन को किया कॉल विवेका की मां ने एक इंटरव्यू में बताया कि मौत से पहले विवेका ने उन्हें कॉल किया था। विवेका ने कहा था कि वो बहुत दूर जा रही हैं। ये कहते ही विवेका ने कॉल काट कर दिया। मां ने फिक्रमंद होकर विवेका के एक्स बॉयफ्रेंड रोहित जुगराज को कॉल कर कहा कि वो जल्द ही विवेका के पास जाएं और देखें कि वो ठीक हैं या नहीं। रोहित ने विवेका को कई कॉल किए, लेकिन विवेका ने कोई जवाब नहीं दिया। रोहित ने उन्हें मैसेज भी किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद विवेका ने अपनी बहन को कॉल किया और कहा, मैं दूसरी दुनिया में जा रही हूं, मां का ख्याल रखना। इसके कुछ घंटों बाद ही उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली। पुलिस जांच में विवेका की लाश के पास एक नोट मिला था, जिसमें लिखा था, ‘तुमने मुझे मार दिया गौतम वोहरा’। मुंबई की खार पुलिस ने विवेका के घर से नींद की गोलियां भी बरामद की थीं। मौत से ठीक पहले हुआ था गौतम वोहरा से झगड़ा पड़ोसियों ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि विवेका की बॉडी मिलने से कुछ घंटों पहले उनके अपार्टमेंट से झगड़े की तेज आवाज आ रही थी। जांच में सामने आया कि गौतम उस वक्त उनके घर में थे। जब गौतम वोहरा को पूछताछ के लिए बुलाया गया, तो उन्होंने कहा कि वो और विवेका अच्छे दोस्त थे, लेकिन रिलेशनशिप में नहीं थे। हालांकि विवेका की मां दयावंती ने अपने स्पोक्सपर्सन के जरिए एक पब्लिश स्टेटमेंट जारी कर कहा कि विवेका ने उन्हें बताया था कि गौतम ने उन्हें शादी का प्रस्ताव दिया था। दोनों शादी करने वाले थे। एक बार विवेका ने मां से गौतम की बात भी करवाई थी। उन्होंने ये भी कहा कि गौतम चाहता था कि शादी से पहले विवेका फर्टिलिटी टेस्ट करवाएं। विवेका के परिवार ने कभी गौतम वोहरा के खिलाफ केस दर्ज नहीं करवाया, न हत्या का शक जताया। जिसकी वजह से उन्हें कभी जांच के दायरे में नहीं लिया गया। लंबी जांच के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने के चार्ज से भी गौतम वोहरा को क्लीनचिट दे दी गई। गौतम ने पुलिस को दिए बयान में ये भी कहा कि पहले बॉयफ्रेंड कार्तिक से ब्रेकअप के बाद से ही विवेका डिप्रेशन में थीं। हालांकि विवेका के करीबी दोस्तों और फैशन डिजाइनर रोहित वर्मा ने डिप्रेशन की बात को हमेशा खारिज किया। रोहित ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में डिप्रेशन के एंगल पर कहा, 'नहीं, वो अकेली नहीं थीं। उनकी कई करीबी दोस्त थीं जिसमें से एक डिऐंड्रा जैसी मशहूर मॉडल थीं। उन्हें पैसों की भी कोई कमी नहीं थी। मॉडलिंग और कोरियोग्राफी दोनों से अच्छी कमाई हो जाती थी। आत्महत्या से ठीक तीन दिन पहले उन्होंने मुझे कॉल किया और कहा, "मैं आपसे मिलना चाहती हूं और जोर से हंसना चाहती हूं..." फिर फोन कट हो गया, और वो प्लान कभी बन नहीं पाया। और ड्रग्स की बात करें तो मॉडल्स इतनी मेहनत करते हैं खुद को फिट रखने के लिए, वो ड्रग्स लेंगे ही क्यों?' रोहित वर्मा ने आगे कहा, 'इस इंडस्ट्री में मॉडल्स पर बहुत दबाव होता है। कॉम्पिटिशन इतना ज्यादा है कि लोग कुछ भी करने को तैयार हो जाते हैं। मॉडल्स खाना नहीं खाते, सुंदर दिखने के लिए इंजेक्शन लगवाते हैं। वो नेचुरल, देसी ‘दूध-घी’ वाली बॉडी अब कहीं नहीं दिखती। मैं सभी नए लोगों को यही सलाह देना चाहता हूं कि इस इंडस्ट्री में आने से पहले "प्लान B" जरूर रेडी रखें। सिर्फ इस करियर पर निर्भर रहना समझदारी नहीं है।'


